
रायपुर। प्रदेश की राजधानी में दो बदमाशों ने गन पॉइंट पर आगरा के सर्राफा व्यापारी से 86 किलो चांदी की लूट की है। जिसकी कीमत करीब 1.5 करोड़ बताई जा रही है। बदमाशों ने शनिवार सुबह 4 बजे फ्लैट का दरवाजा खुलवाया। बंदूक की नोक पर कारोबारी के हाथ-पैर बांध दिए और बेहोश कर दिया। फिर चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सर्राफा व्यापारी का नाम राहुल गोयल है। वह मूल रूप से आगरा का रहने वाला है। सदर बाजार के जैन मंदिर के पीछे स्थित राजधानी पैलेस में किराए के फ्लैट में रहता है। बताया जा रहा है कि कारोबार के सिलसिले में उसका अक्सर आना-जाना लगा रहता है।
शनिवार सुबह करीब 4 बजे दो बदमाश फ्लैट पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन व्यापारी ने दरवाजा नहीं खोला। जब नाम लेकर खटखटाया तो उसने दरवाजा खोला। जिसके बाद उन्होंने सीधे गन टिका दिया। फिर हाथ-पैर बांधकर बेहोश कर दिए। इसके बाद चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। जाते-जाते बदमाश सीसीटीवी का सीवीआर लेकर फरार हो गए।




